चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर : झारखंड में 27 अक्टूबर से बारिश के आसार, 22 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
रांची, 26 अक्टूबर । बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवसाद (डीप डिप्रेशन) सोमवार को चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ में बदल गया है। इसके प्रभाव से झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलने और विभिन्न जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के 22 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात होने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवसाद 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ते हुए चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ में तब्दील हो गया है। फिलहाल यह पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है।
विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और सोमवार मध्यरात्रि तक पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 27 अक्टूबर को यह और अधिक शक्तिशाली होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की सुबह तक उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की निरंतर गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से झारखंड के विभिन्न हिस्सों में 27 अक्टूबर से बारिश शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के 22 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी और वज्रपात की भी आशंका है।
इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह हल्की कनकनी महसूस की गई, जबकि दोपहर में गर्मी और उमस का असर रहा।
सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.5 डिग्री और न्यूनतम 16.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 17.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
