जामताड़ा

जामताड़ा में अवैध बालू माफियाओं की खैर नहीं, डीसी हुए सख्त

डीसी

Jamtara : जामताड़ा में अवैध बालू खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर अब कड़ी कार्रवाई शुरू होने वाली है। शुक्रवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में डीसी रवि आनंद ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि कहीं भी अवैध बालू उत्खनन या परिवहन मिलता है तो तुरंत औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की जाए।

औचक निरीक्षण और सख्ती के निर्देश

बैठक में डीसी ने खनन विभाग के अधिकारियों से कहा कि अवैध कोयला खनन और परिवहन पर लगातार जांच जारी रखी जाए। धारित खनन पट्टों का सही तरीके से उपयोग, क्रशर संचालन और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने जैसे बिंदुओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पिछले बैठक में दिए निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए और अपेक्षित कार्रवाई तुरंत की जाए।

कार्रवाई में तेजी लाने की हिदायत

उपायुक्त ने चालू वित्तीय वर्ष में अवैध खनन, खनिज परिवहन और व्यापार पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली और इसे तेजी से लागू करने को कहा। पुलिस फोर्स के साथ औचक निरीक्षण करते हुए डीसी ने स्पष्ट किया कि बालू उत्खनन पर किसी भी हाल में ढील नहीं दी जाएगी। अवैध बालू उत्खनन में शामिल वाहनों और सामग्री को जब्त करने और प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया।

बंद खदानों में सुरक्षा और नियंत्रण

सर्व श्री ईसीएल पांडेश्वर एरिया की बंद खदानों में अवैध खनन से बने गड्ढों की डोजरिंग और फाइनल क्लोजर के लिए अधिकारियों को कदम उठाने का निर्देश दिया गया। नाला थाना क्षेत्र के बंद खदानों में शेष गड्ढों की भराई और स्थायी बंदी के उपायों की समीक्षा भी बैठक में हुई। डीसी ने कहा कि पाण्डेश्वर क्षेत्र की पूरी जिम्मेदारी जीएम की है और संबंधित अधिकारियों को टीम बनाकर पूरी जांच करने का निर्देश दिया गया।

अवैध खनन के मामलों की जानकारी

उपायुक्त ने बताया कि 1 अप्रैल से 12 मार्च तक जिले में लघु और वृहत खनिज के कुल 87 मामले सामने आए हैं। इनमें 111 वाहनों को जब्त किया गया, 20 प्राथमिकी दर्ज की गई और 23 लाख 72 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।

अधिकारियों की मौजूदगी

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ नाला मनोज कुमार महतो, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, अंचल अधिकारी नारायणपुर और करमाटांड, प्रतिनिधि ईसीएल पांडेश्वर, एसपी माइंस चितरा, सीआईएसएफ/ईसीएल के अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *