ICC का बड़ा फैसला : टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश बाहर, स्कॉटलैंड को मिली एंट्री

New Delhi : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश की आधिकारिक तौर पर विदाई हो गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने की पुष्टि कर दी है। इस संबंध में आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दे दी है।
ग्रुप C में शामिल हुई स्कॉटलैंड
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में जगह दी गई है।
स्कॉटलैंड को ग्रुप C में रखा गया है, जहां उसका सामना इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली जैसी टीमों से होगा।
ICC और बांग्लादेश के बीच तीन हफ्तों से चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि बांग्लादेश और आईसीसी के बीच पिछले करीब तीन हफ्तों से तनातनी चल रही थी। बांग्लादेश बोर्ड इस मांग पर अड़ा हुआ था कि वह भारत में अपने वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगा और उसके मुकाबले श्रीलंका शिफ्ट किए जाएं। हालांकि, आईसीसी ने साफ कर दिया था कि बांग्लादेश को भारत में ही अपने मैच खेलने होंगे।
ICC बोर्ड की वोटिंग में बांग्लादेश को मिली हार
इस मुद्दे को लेकर आईसीसी बोर्ड में वोटिंग कराई गई, जिसमें 14-2 के बहुमत से भारत में ही बांग्लादेश के मैच कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। आईसीसी द्वारा कराए गए एक स्वतंत्र सुरक्षा आकलन में खतरे का स्तर ‘कम से मध्यम’ बताया गया था।
विवाद की जड़: आईपीएल नीलामी और सुरक्षा चिंताएं
इस पूरे विवाद की शुरुआत आईपीएल नीलामी के बाद हुई, जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
इसके बाद भारत में विरोध देखने को मिला, जिसके चलते बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से रिलीज कर दिया।बीसीसीआई के इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड नाराज हो गया और उसने वर्ल्ड कप के बहिष्कार की चेतावनी दे दी।
