वर्ल्ड मास्टर गेम्स में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का सम्मान
राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी ने किया सम्मानित
रांची, 2 मई 2026: थाईलैंड के श्री रचा, बैंकॉक में 17 से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित वर्ल्ड मास्टर खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का शनिवार को रांची में सम्मान किया गया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्मण राम ने 2 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक जीतकर देश और झारखंड का नाम रोशन किया। रांची पहुंचने के बाद 2 मई को राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी के आवास पर उन्हें शाल, बुके और मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान लक्ष्मण राम ने अपने थाईलैंड में हुए प्रदर्शन की जानकारी भी साझा की।
इसके साथ ही अन्य खिलाड़ियों ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की—अशोक महतो ने 3 स्वर्ण पदक, मेरी मंजिनी ने 3 स्वर्ण पदक, दशरथ महतो ने 2 स्वर्ण पदक तथा अनु सिंह ने 3 रजत पदक जीतकर राज्य एवं देश को गौरवान्वित किया।
डॉ. महुआ मांझी ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से झारखंड का गौरव बढ़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
झारखंड मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर राज्य व देश के लिए पदक जीतने के लिए प्रेरित होंगे।
