Home

हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा संपन्न, वर्ष 2026-2030 के लिए नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित

भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार अध्यक्ष, मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी) बने महासचिव

20 जिलों को 65-65 हजार रुपये के खेल किट वितरित, हॉकी के विकास को नई दिशा देने का संकल्प

रांची: मोराबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के सभागार में हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा अध्यक्ष भोलानाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राज्य के सभी 24 जिला हॉकी संघों के प्रतिनिधियों एवं राज्य एथलीट समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

आमसभा में वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, लेखा-जोखा, सचिवीय प्रतिवेदन, लेखा-परीक्षित आय-व्यय विवरण, वर्ष 2026-27 के लेखा परीक्षक की नियुक्ति, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी तथा आगामी राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं सहित आठ प्रमुख एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

इसके बाद वर्ष 2026-2030 के लिए हॉकी झारखंड की नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सभी 11 पदों पर केवल एक-एक वैध नामांकन प्राप्त होने के कारण सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

निर्वाचित पदाधिकारी

  • अध्यक्ष: भोलानाथ सिंह
  • उपाध्यक्ष: अरविंद सिंह, अशोक भगत एवं चंद्रयाणी मजूमदार
  • महासचिव: मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी)
  • संयुक्त सचिव: सुरजीत कुमार झा एवं दुलारी टोपनो
  • कोषाध्यक्ष: असरिता लकड़ा
  • कार्यकारिणी सदस्य: जयदीप महाराणा, संजय कुमार गुप्ता एवं पल्लवी कच्छप

इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के प्रतिनिधि के रूप में जयंत केरकेट्टा (पुरुष) एवं बिगन सोय (महिला) तथा एथलीट समिति में तारिणी कुमारी एवं नरबोट कुजूर का चयन किया गया।

20 जिलों को खेल सामग्री वितरित

राज्य में हॉकी के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हॉकी झारखंड ने पूर्व में सहायता प्राप्त चार जिलों को छोड़कर शेष 20 जिलों को 65-65 हजार रुपये मूल्य के खेल किट उपलब्ध कराए। इन किटों में हॉकी स्टिक एवं हॉकी बॉल शामिल हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को अभ्यास में सुविधा मिल सके।

12 वर्षों की उपलब्धियां साझा कीं

निवर्तमान महासचिव विजय शंकर सिंह ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से अब तक पारदर्शी चयन प्रक्रिया और जमीनी स्तर पर हॉकी के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में झारखंड के 35 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में राज्य के 15 खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जबकि 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज झारखंड के सभी 24 जिलों में हॉकी का विस्तार हो चुका है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है।

नई कार्यकारिणी ने जताया आभार

नव-निर्वाचित अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने जाने पर सभी जिला इकाइयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी झारखंड खिलाड़ियों के हितों, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और खेल के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी के सहयोग से झारखंड हॉकी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान हॉकी इंडिया के पर्यवेक्षक शेखर जे. मनोहरन तथा झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेन्द्रु दुबे भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *