खेल मंत्री से मिले हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, झारखंड में हॉकी विकास पर हुई चर्चा
खूंटी में बालिका आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र खोलने के फैसले का जताया आभार, हॉकी इंडिया लीग पर भी हुई बातचीत
रांची। हॉकी इंडिया के महासचिव एवं हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने मंगलवार को झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिप्य कुमार से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में हॉकी के विकास, खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण तथा आगामी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
भोलानाथ सिंह ने खूंटी जिले में बालिकाओं के लिए खेल विभाग द्वारा आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र खोलने के निर्णय पर खेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम राज्य में हॉकी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
प्रतिभा के अनुरूप जिलों में विकसित हों खेल प्रशिक्षण केंद्र
भोलानाथ सिंह ने कहा कि जिस जिले में किसी विशेष खेल के प्रतिभावान खिलाड़ियों की संख्या अधिक हो, वहां उसी खेल का प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा और संबंधित खेल के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड हॉकी प्रतिभाओं की धरती है और योजनाबद्ध प्रयासों से राज्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और मजबूत कर सकता है।
बैठक में अगले वर्ष आयोजित होने वाली हॉकी इंडिया लीग को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। दोनों के बीच राज्य में हॉकी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
भोलानाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और हॉकी झारखंड के समन्वित प्रयासों से झारखंड में हॉकी के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
