Home

एचईसी कर्मियों को नहीं मिल रहीं मूल सुविधाएं, राष्ट्रपति और श्रम मंत्री को भेजा गया पत्र

एचईसी

Ranchi : हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने एचईसी में श्रम कानूनों के उल्लंघन का मामला उठाते हुए राष्ट्रपति, केंद्रीय श्रम मंत्री और श्रम मंत्रालय के सचिव को पत्र भेजा है। उन्होंने पत्र के जरिए मामले में तत्काल हस्तक्षेप और जांच की मांग की है। अपने पत्र में लालदेव सिंह ने आरोप लगाया है कि एचईसी में सार्वजनिक उपक्रमों के लिए तय कई जरूरी श्रम नियमों और सरकारी निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और ओवरटाइम भुगतान में भी अनियमितता बनी हुई है। साथ ही पीएफ, ईएसआई जैसी जरूरी वैधानिक सुविधाओं को लागू करने में भी लापरवाही बरती जा रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संस्थान में न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का पालन नहीं हो रहा है। कर्मचारियों को वेतन पर्ची तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि फिलहाल भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के सीएमडी और अन्य निदेशक एचईसी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। इसके बावजूद श्रम कानूनों के पालन में कमी गंभीर चिंता का विषय है।

लालदेव सिंह ने कहा कि यह मामला कर्मचारियों के अधिकारों और उनके सामाजिक व आर्थिक हितों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एचईसी कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए जल्द जरूरी कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *