झारखंड

26 से 29 जुलाई तक झारखंड में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में 26 से 29 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में मानसून फिर सक्रिय होने जा रहा है। इसे देखते हुए विभाग ने 27 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। किसानों और आम लोगों को मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 57.4 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के गुड़ाबांधा में दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दुमका में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

गुरुवार सुबह से रांची और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे तथा हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 29.6 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 28.4 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *