झारखंड

मां के निधन के बाद बेसहारा हुए मासूम की स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उठाई जिम्मेदारी

जामताड़ा, 19 अक्टूबर । जामताड़ा जिले के बोरवा गांव में मां के निधन के बाद बेसहारा हुए कुछ दिन के मासूम बच्चे के पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उठाने की घोषणा की है। सोमवार को गांव पहुंचने पर बच्चे और उसके परिवार की स्थिति देखकर मंत्री भावुक हो गए। उन्होंने बच्चे को बेहतर भविष्य देने का भरोसा दिलाया।

मंत्री की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बच्चे की मां का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे के भविष्य को लेकर ग्रामीण चिंतित थे। सोमवार को डॉ. अंसारी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने मासूम को उनकी गोद में सौंपा।

डॉ. अंसारी ने परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि बच्चा अभी बहुत छोटा है, इसलिए फिलहाल उसे परिवार के पास ही रखा जाएगा। बड़ा होने पर उसे अपने साथ रखने की व्यवस्था की जाएगी। बच्चे का नामकरण भी जल्द किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि वह पहले इंसान हैं, फिर डॉक्टर और उसके बाद नेता। किसी की पीड़ा देखकर वह खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाते और जरूरतमंदों की परेशानी पर चुप रहना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मासूम की जिम्मेदारी उठाना उनके लिए एक भावनात्मक अनुभव है। गरीबों और जरूरतमंदों का सहारा बनना हमेशा से उनका प्रयास रहा है।

डॉ. अंसारी की इस पहल से गांव में मासूम के भविष्य को लेकर नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों और अन्य लोगों ने बच्चे के पालन-पोषण एवं शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने की उनकी घोषणा की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *