देवघर

देवघर सदर अस्पताल का स्वास्थ्य मंत्री ने किया औचक निरीक्षण

देवघर, 12 जुलाई । स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रविवार को देवघर सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, उपचार व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान मंत्री ने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देवघर सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही राज्य के अन्य जिलों से चिकित्सकों की तैनाती देवघर में की जाएगी, जिससे विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुलभ हो सकें।

उन्होंने कहा कि यह दौरा पूरी तरह औचक निरीक्षण था, जिसका उद्देश्य अस्पताल की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था। मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने अब तक की तैयारियों पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और देवघर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर चिकित्सा सुविधाओं को और सशक्त बनाया जाएगा।

मौके पर सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार, उपाधीक्षक डॉ सुषमा वर्मा, कांग्रेस नेता अवधेश प्रजापति, डॉ अनूप सिन्हा सहित अस्पताल के चिकित्सक, कर्मी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *