रांची में डेंगू पर स्वास्थ्य विभाग का एक्शन, 7 वार्डों में रोजाना घर-घर सर्वे; लोगों से सतर्क रहने की अपील

रांची: मानसून के दौरान डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए रांची जिला स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सर्विलांस अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। विभाग के अनुसार प्रतिदिन सात अलग-अलग वार्डों में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर संभावित डेंगू मरीजों की निगरानी की जा रही है।
घर-घर सर्वे, जमा पानी की जांच
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों और अन्य स्थानों पर जमा पानी की जांच की। लोगों को बताया गया कि ऐसे स्थानों पर डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर पनपते हैं। टीम ने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाने तथा कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की।
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने और मच्छरों से बचाव के अन्य उपाय अपनाने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि डेंगू की रोकथाम के लिए निगरानी और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जनसहयोग से ही रांची को डेंगू मुक्त बनाया जा सकता है।
