Home

पटरी पर लेटा और ऊपर से गुजर गई मालगाड़ी, फिर…

Gaya : गया से सटे धनबाद रेल मंडल के पहाड़पुर स्टेशन पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे ट्रैक पार करने की जल्दबाजी में एक युवक खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलने लगा। तभी अचानक ट्रेन चल पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया है।

पटरी पर लेटकर बचाई जान

जैसे ही मालगाड़ी का पहला डिब्बा हिला, युवक के होश उड़ गए। वह तुरंत पटरी पर लेट गया और पूरी ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। चमत्कारिक रूप से युवक को एक खरोंच तक नहीं आई। आख़िरी डिब्बा निकलने के बाद वह धीरे-धीरे उठा और बिना कुछ बोले वहां से भाग निकला।

पहचान नहीं हो पाई

स्टेशन पर मौजूद लोगों ने उसे आवाज दी, लेकिन वह किसी की बात सुने बिना पास के खेत और सूखे नाले की ओर भाग गया। घटना की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कोडरमा पोस्ट की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक जा चुका था। RPF पोस्ट प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी मिली है, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

ओवरब्रिज छोड़कर लिया शॉर्टकट

स्थानीय यात्रियों के मुताबिक, डाउन लूप लाइन में मालगाड़ी खड़ी थी। युवक प्लेटफॉर्म जाने की जल्दबाजी में ओवरब्रिज का उपयोग करने के बजाय सीधे ट्रैक पार करने लगा। यह शॉर्टकट उसके लिए जानलेवा साबित हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *