रांची में झारखंड तंजीम के केंद्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन

रांची: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित गैलेक्सी कॉम्प्लेक्स, कैपिटल हिल होटल के पास झारखंड तंजीम के केंद्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन विभाग के मंत्री हफीज़ुल हसन अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विधिवत फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में मंत्री हफीज़ुल हसन अंसारी ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए झारखंड तंजीम आज के समय की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहा है और मेन रोड जैसे प्रमुख स्थान पर कार्यालय खुलने से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
झारखंड तंजीम के केंद्रीय अध्यक्ष शमशेर आलम ने बताया कि संगठन पिछले लगभग 25 वर्षों से गरीबों, जरूरतमंदों, पिछड़े वर्गों और वंचित लोगों की समस्याओं को उठाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि नए केंद्रीय कार्यालय के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा और जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा शैक्षिक परामर्श, रोजगार से संबंधित जानकारी, तथा विधवा, दिव्यांग और गरीब परिवारों के लिए सेवाएं और अधिक प्रभावी रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, धार्मिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. मजीद आलम, अधिवक्ता अल्लम साहब, प्रो. परवेज़ हसन, हाजी मोख्तार अहमद, जय सिंह यादव, दीपक ओझा, इबरार अहमद, शाहिद अय्यूबी, हाजी तनवीर, फ़हीम अहमद, प्रवीण कछप, अशीष पूर्ति, कमरुल हक, ऐनुल हक, अशरफ़ अंसारी, फ़िरोज़ अहमद, हाजी फ़िरोज़, अयूब रज़ा, मेराज गद्दी, सैफुल हक, तनवीर अहमद, नदीम खान सहित अन्य लोग शामिल थे।
समारोह के पश्चात एक जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन की भविष्य की योजनाओं और आगामी गतिविधियों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
