Home

आइडियल आर्चरी अकादमी का भव्य उद्घाटन

झारखंड की युवा प्रतिभाओं को मिलेगा तीरंदाजी का उच्चस्तरीय प्रशिक्षण

दलादिली, रातू (रांची)। आइडियल इंटरनेशनल स्कूल, दलादिली एवं कार्तिक उरांव आर्चरी ट्रेनिंग सेंटर, रातू के संयुक्त प्रयास से स्थापित आइडियल आर्चरी अकादमी का भव्य उद्घाटन विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग की अपर सचिव सीता पुष्पा थीं।

दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर किया उद्घाटन

मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर अकादमी का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी झारखंड की समृद्ध खेल विरासत का प्रतीक है तथा इस प्रकार की पहल युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होगी।

शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देने पर जोर

विद्यालय के निदेशक डॉ. सुबूल आलम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अकादमी विद्यार्थियों को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

अनुशासन और नियमित अभ्यास का दिया संदेश

विद्यालय की प्राचार्या मंजू बग्गा अरोड़ा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास के महत्व से अवगत कराते हुए खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प ही सफलता की कुंजी हैं।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने का लक्ष्य

कार्तिक उरांव आर्चरी ट्रेनिंग सेंटर के अध्यक्ष रंजीत तिर्की ने कहा कि अकादमी की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्चस्तरीय तीरंदाजी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।

खेल संस्कृति को मिलेगा नया आयाम

केंद्र की सचिव ज्योति खलखो ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अकादमी की भावी योजनाओं की जानकारी दी तथा सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावक, खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आइडियल आर्चरी अकादमी क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *