रांची में मादक पदार्थ रोकथाम जागरूकता अभियान का भव्य समापन, 600 खिलाड़ियों ने लिया भाग
रांची: जिला खेल कार्यालय, रांची के तत्वावधान में चलाए जा रहे जिला स्तरीय मादक पदार्थ रोकथाम जागरूकता अभियान का भव्य समापन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। इस अभियान में रांची जिले के विभिन्न खेल केंद्रों से लगभग 600 खिलाड़ियों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
रांची जिले में मादक पदार्थों के सेवन एवं दुरुपयोग की रोकथाम के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष जागरूकता अभियान के तहत कई खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला खेल कार्यालय, रांची की देखरेख में पूरे अभियान का सफल एवं अनुशासित संचालन किया गया।
समापन समारोह के अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए स्वयं तथा पूरे समाज को नशे के जाल से दूर रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का भी एक सशक्त जरिया हैं।
600 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
इस अभियान में रांची जिला अंतर्गत सभी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, विभिन्न आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों, खेलो इंडिया केंद्रों, डे-बोर्डिंग केंद्रों, विभिन्न खेल अकादमियों एवं झारखंड मलखंब अकादमी के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
झारखंड मलखंब अकादमी, रांची के खिलाड़ियों ने पोल मलखंब, रोप मलखंब, हैंगिंग मलखंब तथा पिरामिड का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों ने मादक पदार्थ रोकथाम जागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेलों के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश
अभियान के दौरान सुबह प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें युवाओं ने नशामुक्त समाज के समर्थन में नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
इसके अलावा फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, रस्सा-कस्सी और मलखंब प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
खेल प्रतियोगिताओं के अलावा पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों और युवाओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नशे के दुष्प्रभावों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया तथा नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिला खेल समन्वयक आशीष कुमार बनर्जी सहित खेल विभाग की पूरी टीम की अहम भूमिका रही। अभियान के सफल संचालन में वरीय प्रशिक्षक अजय झा, मुकेश कुमार, राजू साहू, तपन राउत, करुणा पूर्ति, संजू कुमार, रवि केशरी, अभिषेक, संतोषी साहू, रोशन, दीपक कुमार और रोहित का सराहनीय योगदान रहा।
जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं तथा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों से पूरी तरह दूर रहें।
