रांची

युवाओं को निरंतर सीखने और नई तकनीकों के अनुरूप खुद को विकसित करने की जरूरत : राज्यपाल

आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बोले संतोष कुमार गंगवार, 365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिली उपाधि

रांची, 26 नवंबर। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे दौर में युवाओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को समझने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को विकसित करने की जरूरत है। आज केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपने कौशल, ज्ञान और कार्यक्षमता को लगातार बेहतर बनाना होगा।

राज्यपाल गुरुवार को डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ऑफ इंडिया (आईसीएफएआई) विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सोच की सीमाएं तोड़ने, नई संभावनाओं की तलाश करने और अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग राष्ट्र तथा समाज की प्रगति में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में आज के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें युवा

राज्यपाल ने कहा कि आज संविधान दिवस भी है। हमारा संविधान लोकतंत्र के आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को प्रत्येक नागरिक को अपने आचरण में शामिल करना चाहिए। युवाओं को दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।

नौकरी पाने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को उद्योगों और समाज की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी पाने के साथ-साथ उद्यमशीलता की भावना भी विकसित करनी चाहिए, ताकि वे रोजगार के अवसरों का सृजन करने वाले बन सकें। अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के साथ ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी महत्व देना जरूरी है।

स्थानीय समस्याओं के समाधान पर हो शोध और नवाचार

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना चाहिए। शोध का लाभ केवल अकादमिक जगत तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसके निष्कर्ष समाज की समस्याओं के समाधान में भी उपयोगी साबित होने चाहिए।

365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिली डिग्री

दीक्षांत समारोह में कुल 365 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 10 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री दी गई। इसके अलावा एमबीए के 47, बीबीए के 16, बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स) के 13, बीटेक के 21, बीसीए के 77, डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी के 35, एलएलएम के 40, एलएलबी के 85 और बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) के 21 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई।

शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टीआरके राव, कुलपति कर्नल रंजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *