Home

राज्यपाल ने विश्व रिकॉर्ड धारक डॉ. मेघा रानी को किया सम्मानित, हिंदी लेखन को लगातार बढ़ावा देने का दिया संदेश

रांची, 11 जुलाई । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दुनिया में सबसे तेज़ हिंदी लिखने का विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने वाली डॉ. मेघा रानी को लोक भवन में आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. मेघा रानी को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने तथा अपनी लेखनी से नई पीढ़ी को प्रेरित करने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि डॉ. मेघा रानी ने अपनी असाधारण प्रतिभा, समर्पण और कठिन परिश्रम के बल पर न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की है, बल्कि वैश्विक स्तर पर हिंदी भाषा का गौरव भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां समाज और राष्ट्र दोनों के लिए प्रेरणादायी होती हैं। उन्होंने डॉ. मेघा रानी से आग्रह किया कि वे हिंदी लेखन की अपनी यात्रा को निरंतर जारी रखें, ताकि उनकी लेखनी साहित्य जगत को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहे।

संतोष कुमार गंगवार ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. मेघा रानी की उपलब्धि देशभर की युवतियों तथा लेखन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखने वाले युवाओं को नई प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है और डॉ. मेघा रानी इसकी उत्कृष्ट मिसाल हैं।

राज्यपाल से मिले स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. मेघा रानी ने कहा कि विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना उनके जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है, लेकिन राज्यपाल से मिलना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सबसे बड़े सम्मान में से एक है। उन्होंने कहा कि वह राज्यपाल की सीख को जीवनभर स्मरण रखेंगी और हिंदी भाषा एवं साहित्य की सेवा के प्रति अपना समर्पण निरंतर बनाए रखेंगी।

उल्लेखनीय है कि डॉ. मेघा रानी ने अपनी असाधारण प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर दुनिया में सबसे तेज़ हिंदी लिखने का नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। इस उपलब्धि के साथ वह ऐसा करने वाली विश्व की पहली महिला बन गई हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता की देश-विदेश के विभिन्न मीडिया मंचों पर व्यापक चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *