रांची

धनतेरस से पहले रांची में सोना-चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर, फिर भी खरीदारों की भीड़


Ranchi : धनतेरस से पहले रांची के सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना लिया है। बीते पांच दिनों में सोना ₹4,500 प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया है। 5 अक्टूबर को सोना ₹1,09,700 था, जो अब 10 अक्टूबर को बढ़कर ₹1,14,200 हो गया। वहीं, चांदी की कीमत ₹12,000 प्रति किलोग्राम उछलकर ₹1,66,000 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।

पिछले साल की तुलना में इस बार सोना करीब 63% और चांदी 82% तक महंगी हो चुकी है। जानकारों का मानना है कि वैश्विक बाजारों में अस्थिरता, डॉलर में गिरावट और घरेलू मांग बढ़ने की वजह से दामों में यह तेजी आई है।

दाम बढ़े, लेकिन खरीददारी तेज
रांची सोना-चांदी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा ने बताया कि त्योहार और शादी के सीजन के कारण लोग महंगे दामों पर भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। उनका मानना है कि धनतेरस तक सोना ₹1,25,000 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। चांदी की कीमतों में भी और तेजी आने की संभावना है।

बाजार में ऑफर्स की बहार
त्योहारी सीजन को देखते हुए ज्वेलरी शोरूम्स में कई ऑफर्स दिए जा रहे हैं:

सोने पर 100 से 300 प्रति ग्राम की छूट
मेकिंग चार्ज में रियायत
किस्तों पर जेवर खरीद की सुविधा
पुराने सोने के बदले नए गहनों पर ज़ीरो कटौती
इन ऑफर्स का फायदा उठाने के लिए ग्राहक बड़ी संख्या में शोरूम्स पहुंच रहे हैं। धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग भी तेजी से हो रही है।

चांदी बनी निवेशकों की पसंद
विशेषज्ञों का कहना है कि चांदी की कीमतों में तेजी की एक वजह औद्योगिक मांग में बढ़ोतरी है। निवेशक अब चांदी को भी एक मजबूत निवेश विकल्प मानने लगे हैं। यदि यह रुझान जारी रहा, तो आने वाले समय में चांदी के दाम और बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *