पश्चिमी सिंहभूमि

जगन्नाथपुर सीएचसी की बदहाल व्यवस्था पर गीता ने की सुधार की मांग

पश्चिमी सिंहभूम, 19 जनवरी । जिले के जगन्नाथपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सोमवार को उस समय सामने आई, जब भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं और संसाधनों की भारी कमी को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ बताया।

गीता बालमुचू ने निरीक्षण के क्रम में पाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में केवल एक डॉक्टर प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। डॉक्टरों की भारी कमी के कारण मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि गंभीर रोगियों को समय पर समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी के लिए एक डॉक्टर के भरोसे स्वास्थ्य सेवाएं चलाना बेहद चिंताजनक है।

निरीक्षण के दौरान महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति भी चिंताजनक पाई गई। अस्पताल में लेडी डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण महिला मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में महिलाओं को विवश होकर निजी या सरकारी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ रहा है।

गीता बालमुचू ने अस्पताल में आवश्यक जांच सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को अन्यत्र रेफर किया जा रहा है। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि कई मरीजों की स्थिति समय पर जांच नहीं होने के कारण गंभीर हो जाती है।

इसके अलावा आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई। वेतन में लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों में असंतोष है, जिसका असर अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं पर साफ दिखाई देता है।

मौके पर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप, जगन्नाथपुर मंडल अध्यक्ष राय भूमिज, संजय बारिक, धीरज सिंह, विष्णु गुप्ता, जीतू गुप्ता, शशि दास, चेतन गोप, रवि दास, रानी तिरिया सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *