17 अगस्त से शुरू होगी गढ़वा जिला फुटबॉल लीग, 30 जुलाई तक होगा टीमों का पंजीकरण

जिला लीग के प्रदर्शन के आधार पर होगी अंतर जिला प्रतियोगिता के लिए गढ़वा टीम का चयन
गढ़वा। गढ़वा जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में गढ़वा जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता का आयोजन 17 अगस्त से गढ़वा फुटबॉल स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा। लीग में जिले के फुटबॉल क्लबों, संस्थानों, महाविद्यालयों और उच्च विद्यालयों की टीमें भाग लेंगी।
संघ के अध्यक्ष आलोक मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक क्लब एवं संस्थाएं 30 जुलाई 2026 तक अपनी टीमों का पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। प्रतियोगिता में केवल 14 वर्ष या उससे अधिक आयु के खिलाड़ी ही भाग लेने के पात्र होंगे।
11 जुलाई को होगी फुटबॉल संघ की अहम बैठक
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर गढ़वा जिला फुटबॉल संघ की बैठक 11 जुलाई को चिनिया रोड स्थित होटल पद्मावती के सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन, नियमावली और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
संघ ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों से टीमों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके और चयनकर्ताओं की नजर उन पर पड़े।
जिला लीग से चुनी जाएगी गढ़वा की टीम
गढ़वा जिला फुटबॉल संघ के अनुसार, झारखंड राज्य फुटबॉल संघ की ओर से नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर के पहले सप्ताह में अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित किए जाने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला लीग के प्रदर्शन के आधार पर गढ़वा की जिला फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा।
टीम पंजीकरण से संबंधित जानकारी के लिए इच्छुक क्लब एवं संस्थाएं गढ़वा जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष जगरनाथ राम से मोबाइल नंबर 07739228922 पर संपर्क कर सकते हैं।
