लातेहार में 2 करोड़ का गांजा जब्त, भूसे के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी

Latehar : लातेहार में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये कीमत का 190 पैकेट गांजा बरामद किया है। मामला तब सामने आया जब पुलिस को सूचना मिली कि एनएच 39 पर यम्मी होटल के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआत में ट्रक सामान्य लगा, लेकिन जैसे ही गहराई से जांच हुई, पूरा मामला सामने आ गया।
भूसे की आड़ में छिपा रखा था गांजा
पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने बहुत ही शातिर तरीका अपनाया था। ट्रक के ऊपर धान का भूसा लदा हुआ था ताकि किसी को शक न हो। ऊपर से देखने पर यह एक सामान्य कृषि माल ढुलाई जैसा लग रहा था। लेकिन जब पुलिस ने भूसा हटाकर तलाशी ली, तो नीचे गांजा के पैकेट मिलने लगे। कुल 190 पैकेट बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
ट्रक भी जब्त, तस्करों की तलाश जारी
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने यूपी नंबर (UP 26 T 7820) का दस चक्का ट्रक भी जब्त कर लिया है। हालांकि, मौके पर कोई तस्कर नहीं मिला, जिससे यह अंदेशा है कि वाहन को जानबूझकर छोड़ दिया गया था। अब पुलिस ट्रक मालिक, चालक और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी है।
अंतरराज्यीय तस्करी का शक
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि इस मामले को अंतरराज्यीय तस्करी से जोड़कर जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
टीम ने मिलकर की कार्रवाई
इस छापेमारी में लातेहार अंचल पदाधिकारी नंदकुमार राम, एसआई राहुल सिन्हा समेत पुलिस के कई जवान शामिल थे। टीम की सतर्कता और तेजी से इतनी बड़ी खेप पकड़ी जा सकी।
