रांची

दुबई से गैंगस्टर प्रिंस खान का धमकी भरा वीडियो वायरल, पुलिस अलर्ट

प्रिंस खान

Ranchi : कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का एक धमकी भरा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह खुद को दुबई से बोलते हुए बता रहा है और बोकारो के कारोबारी सुरेश सिंह को खुली धमकी दे रहा है। साथ ही एसएसपी के नाम भी संदेश दिया है। वायरल वीडियो में गैंगस्टर ने दावा किया है कि बोकारो में सुरेश सिंह की बीएमडब्ल्यू कंपनी की साइडिंग पर हुए दो बम हमलों के पीछे उसी का हाथ है। उसने कहा कि यह हमला सिर्फ चेतावनी देने के लिए कराया गया था। अगर इसके बाद भी बात नहीं मानी गई तो अगली बार सीधे खोपड़ी खोल दी जाएगी। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि का आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।

SSP के नाम चेतावनी भरा मैसेज

प्रिंस खान ने वीडियो में SSP के नाम मैसेज दिया है। उसने कहा कि वह रेलवे से जुड़े कारोबार पर कब्जा कर रहा है और जो रंगदारी पहले फहीम खान लिया करता था, वही काम अब वह अपने हाथ में ले रहा है। उसने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसके काम में दखल दिया गया तो वह पूरे झारखंड को बंद करवा सकता है। गैंगस्टर ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि वर्ष 2022 में धनबाद बंद के दौरान करीब 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। अगर फिर से झारखंड बंद कराया गया तो नुकसान और ज्यादा होगा। उसने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसके लोगों को नुकसान पहुंचाया गया तो वह राज्य में डॉक्टरों और कारोबारियों को निशाना बनाना शुरू कर देगा।

धनबाद से लेकर रांची तक के डॉक्टरों को मारने की धमकी

वीडियो में उसने यह भी कहा कि पुलिस अगर उसके गिरोह के लड़कों को पकड़ती है तो उन्हें जेल भेज सकती है या कार्रवाई कर सकती है। लेकिन अगर गोली मारी गई या गंभीर नुकसान पहुंचाया गया तो वह इसका जवाब नामी-गिरामी डॉक्टरों की खोपड़ी खोलकर हिंसक तरीके से देगा। उसने कहा है कि धनबाद से लेकर रांची तक के डॉक्टरों को टारगेट करेगा।

अलर्ट मोड में पुलिस

इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां वीडियो की जांच कर रही हैं और इसकी सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस धमकी के बाद इलाके के व्यापारियों और आम लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *