सरायके वाखरसावा

चापाकल से अस्पताल तक… ईचागढ़ की पीड़ा लेकर CM हेमंत के दरबार पहुंचे जनप्रतिनिधि

विधानसभा

Seraikela : षष्ठम झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री कक्ष में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विधायक सविता महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।

पेयजल संकट और चापाकल की मरम्मत की मांग

ज्ञापन में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस समस्या के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है और जल संकट से राहत पाने के लिए तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।

चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को जल्द चालू करने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने पूरी तरह से तैयार चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को जल्द से जल्द चालू करने का भी अनुरोध किया। इसके जरिए स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और इलाज के लिए जिला मुख्यालय तक दूर जाना नहीं पड़ेगा।

सड़क निर्माण में देरी पर चिंता

ज्ञापन में चांडिल गोलचक्कर से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक की मुख्य सड़क की मरम्मत पर भी जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह सड़क जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन एक साल से लंबित कार्य के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण कार्य अविलंब पूरा कराने की मांग की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल अन्य नेता और कार्यकर्ता

इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, चांडिल प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, विश्वनाथ गोप, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, शंकर लायेक, संजय महतो, स्नेहा महतो, अभय यादव, मिलन तंतुवाई, मधु गोप समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में तेजी लाना जरूरी है और मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद उम्मीद जताई कि जल्द ही सभी लंबित कार्य पूरे किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *