निःशुल्क कांवर यात्रा का आयोजन 25 जुलाई से, 1000 शिवभक्त होंगे शामिल
बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ द्वारा यात्रा, पंजीयन एक जुलाई से शुरू
पूर्वी सिंहभूम: सावन महीने के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ इस वर्ष भी निःशुल्क कांवर यात्रा का आयोजन करने जा रहा है। शनिवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि यह यात्रा 25 जुलाई को जमशेदपुर से सुल्तानगंज के लिए रवाना होगी, जिसमें 1000 शिवभक्तों का जत्था भाग लेगा।
पंजीयन प्रक्रिया एक जुलाई से
यात्रा के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू होगी और यह पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। केवल 18 से 60 वर्ष की आयु के लोग ही पंजीयन कर सकेंगे। सभी पंजीकृत यात्रियों को फोटो और मोबाइल नंबर सहित पहचान पत्र जारी किया जाएगा, जिससे यात्रा के दौरान हर स्थान पर प्रवेश सुनिश्चित हो सकेगा।
विशेष ड्रेस कोड और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कांवरियों की पहचान के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है ताकि कोई भक्त जत्थे से बिछड़ न जाए। यात्रा में सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर, साकची और मानगो के भक्त शामिल होंगे। सभी ठहराव स्थलों को आरक्षित कर लिया गया है। यात्रा के दौरान प्रत्येक पड़ाव पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा, जिसमें मध्यप्रदेश के रीवा से आए कलाकार बाबा बैद्यनाथ की कथा की जीवंत झांकी प्रस्तुत करेंगे।
सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क
पूरी यात्रा के दौरान बस, धर्मशाला, स्वास्थ्य सुविधा, भोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क होगी। कांवरिए बस, ट्रेन और छोटी गाड़ियों से सुल्तानगंज पहुंचेंगे, वहां से उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर पैदल देवघर के लिए रवाना होंगे। बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पण करने के बाद जत्था बस से बाबा बासुकीनाथ धाम जाएगा और वहां जल अर्पण कर लौटेगा। यात्रा की कुल अवधि 8 दिन की होगी।
पंजीयन के लिए संपर्क करें:
- मानगो: किशोर बर्मन – 8540986994
- सोनारी: कृष्णा सिंह – 7870910175
- कदमा: अरविंद महतो – 8210320937
- अन्य क्षेत्र: आशुतोष सिंह – 9334644378
संवाददाता सम्मेलन में विकास सिंह, रामअवदेश चौबे, अरविंद महतो, आशुतोष सिंह, अजय लोहार, छोटे लाल सिंह, सूरज नारायण, मनोज ओझा, संदीप शर्मा, रामचन्द्र प्रसाद, विकास गुप्ता, शिव साहू और पंकज गुप्ता उपस्थित थे।
