Homeझारखंड

नारायणपुर में बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण का शिलान्यास

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दी विकास की सौगात, 26 और सड़कों की घोषणा
नारायणपुर :
प्रखंड अंतर्गत चिरुडीह मोड़ से बाँकुडीह बिशु मोड़ तक बहुप्रतीक्षित एवं अति महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का रविवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधि-विधान के साथ शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी।

यह सड़क लंबे समय से ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी समुदाय की प्रमुख मांग रही है। वर्षों से लंबित इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। सड़क निर्माण से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी। साथ ही स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में आसपास के गांवों और पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिलान्यास के मौके पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। लोगों ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

अपने संबोधन में मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के हर कोने में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और पुलिया का जाल बिछाया जा रहा है और उनका एकमात्र लक्ष्य क्षेत्र का समग्र विकास है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

मंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही लगभग 26 अन्य सड़कों का भी शिलान्यास किया जाएगा। विधानसभा सत्र के कारण कुछ योजनाओं में विलंब हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में क्षेत्र को कई और विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा समेत कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *