रांची

होटवार जेल से बाहर आए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, पत्नी निसात आलम ने किया स्वागत

Ranchi : झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम गुरुवार को जेल से बाहर आ गए। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें होटवार जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आते ही परिवार और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जेल के बाहर काफी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।

सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पूरी हुई प्रक्रिया

जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आलमगीर आलम की ओर से निचली अदालत में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। बेल ऑर्डर की कॉपी और रिलीज ऑर्डर मिलने के बाद गुरुवार को उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद जेल प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और उन्हें होटवार जेल से रिहा कर दिया।

पत्नी और पोते ने किया स्वागत

जेल से बाहर निकलते ही आलमगीर आलम की पत्नी और विधायक निसात आलम ने उनका स्वागत किया। उनके पोते भी इस मौके पर मौजूद थे। परिवार के लिए यह भावुक पल रहा, क्योंकि लंबे समय बाद आलमगीर आलम घर लौटे हैं। आलमगीर आलम की रिहाई की खबर मिलते ही उनके समर्थक बड़ी संख्या में होटवार जेल के बाहर जुट गए। समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे भी लगाए। जेल के बाहर कुछ समय के लिए उत्साह का माहौल बना रहा। मालूम हो कि आलमगीर आलम पिछले करीब दो साल से जेल में बंद थे। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से मामला अदालत में चल रहा था। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अब उन्हें बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *