एआई और सेमीकंडक्टर पर फोकस, बदलते भारत की तस्वीर दिखाता है यह बजट : प्रतुल

Ranchi : झारखंड बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने केंद्रीय बजट 2026–27 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने का लॉन्च पैड साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर उद्योगों पर विशेष फोकस बदलते भारत की विकसित सोच को उजागर करता है।
प्रतुल शाह देव ने कहा कि बजट में रांची के मेंटल हेल्थ संस्थान को अपग्रेड कर निमहांस-2 बनाने की घोषणा की गई है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। इसके अलावा, कुटीर, लघु और मध्यम उद्योगों पर विशेष ध्यान देकर स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर विकास को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है।उन्होंने यह भी बताया कि सात असाध्य बीमारियों की दवाओं की कीमतों में भारी कमी की गई है और अब देश के 98% लोग बैंकिंग नेटवर्क से जुड़े हैं। बजट में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए नए संस्थानों की स्थापना की घोषणा की गई है। इसके साथ ही सांस्कृतिक और मेडिकल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाएगा।
नारी शक्ति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘शी मार्ट’ की कल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि राजकोषीय घाटे को 4.3% के आसपास बनाए रखते हुए वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित किया गया है। प्रतुल शाह देव ने कहा कि यह बजट जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ औद्योगिक और सेवा क्षेत्र के विकास का भी संतुलित दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है।
