खूंटी में महिला थाना प्रभारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

खूंटी, 30 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को खूंटी में बड़ी कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) सह महिला थाना प्रभारी पुलिस उप निरीक्षक सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई खूंटी के हुरलुंग निवासी श्याम कुमार की शिकायत के सत्यापन के बाद की गई। आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
केस से राहत दिलाने के नाम पर मांगे थे 4.50 लाख
शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि उसके खिलाफ महिला थाना में कांड संख्या-06/2025 दर्ज है। मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी ने केस में राहत दिलाने और सहयोग करने के एवज में कथित तौर पर 4.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
पिपराटोली के पास बिछाया जाल
सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने गुरुवार को जाल बिछाया। पिपराटोली, खूंटी के समीप थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी थाना प्रभारी को अपने साथ रांची ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
