पलामू

पलामू एसपी के नाम से बना फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, अलर्ट जारी

एसपी

Palamu : पलामू जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। एसपी रीष्मा रमेशन के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना लिया है और लोगों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।

फर्जी नंबर से हो रहा संपर्क

सोमवार दोपहर एसपी को सूचना मिली कि 7061147269 नंबर से उनके नाम और पद का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर मैसेज किए जा रहे हैं। इसके बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया। एसपी ने साफ कहा है कि यह नंबर उनका नहीं है और इस नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें। बताया जा रहा है कि आरोपी इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों से संपर्क साधकर किसी तरह का लाभ लेने या ठगी करने की कोशिश कर सकता है। हालांकि अभी तक किसी आर्थिक नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आला अधिकारियों को दी गई जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने इसकी जानकारी झारखंड पुलिस मुख्यालय, उपायुक्त, डीआईजी पलामू समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों और सिविल प्रशासन को दे दी है। साथ ही पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि अगर इस नंबर से कोई मैसेज या कॉल आए तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें। किसी भी तरह के प्रलोभन, पैसे की मांग या निजी जानकारी साझा करने से बचें। पुलिस का कहना है कि आजकल साइबर अपराधी अधिकारियों और प्रतिष्ठित लोगों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को झांसे में लेने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।

साइबर जांच शुरू

पुलिस ने फर्जी अकाउंट बनाने वाले की पहचान के लिए साइबर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम नंबर की लोकेशन और उससे जुड़े अन्य विवरण जुटाने में लगी है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि एसपी के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश पर विश्वास न करें और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *