रांची

एक्सट्रीम बार हत्याकांड: जांच में खामियों पर हाई कोर्ट ने रांची के एसएसपी से 30 नवंबर तक मांगी रिपोर्ट

रांची, 04 नवंबर । रांची के एक्सट्रीम बार में डीजे संदीप प्रमाणिक की हत्या के मामले में दोषियों की आपराधिक अपील पर बुधवार को झारखंड उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। मामले में अदालत के निर्देश पर रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भी उपस्थित हुए। अदालत ने उनसे अनुसंधान में हुई कमियों को लेकर सवाल-जवाब किए।

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मामले का अनुसंधान सही तरीके से नहीं किया गया है और कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों को रिकॉर्ड पर नहीं लाया गया है। अदालत ने एसएसपी को निर्देश दिया कि वे ट्रायल के दौरान प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों के रिकॉर्ड का अध्ययन करें और अनुसंधान में हुई त्रुटियों की पहचान कर 30 नवंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

अदालत ने रांची एसएसपी को अगली सुनवाई के दिन भी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। इससे पहले सुनवाई के दौरान एसएसपी ने अदालत को बताया कि मामले के एक अनुसंधानकर्ता को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दूसरे अनुसंधानकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

मामले में प्रतिवादी तुषार कांति दास की ओर से अधिवक्ता अनुराग कश्यप ने पक्ष रखा, जबकि राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता रोहित राय ने पैरवी की।

उल्लेखनीय है कि अपर न्यायायुक्त शैलेन्द्र कुमार की अदालत ने इस मामले में अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत 10 दोषियों को नौ-नौ वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। साथ ही प्रत्येक पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। सभी को गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी ठहराया गया था।

सजा पाने वालों में अभिषेक सिंह, अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरूदीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार, दिवाकर उपाध्याय, अलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं।

क्या है मामला?

मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले संदीप प्रमाणिक की 26 मई, 2024 की देर रात रांची के एक्सट्रीम बार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि कुछ युवकों का बार के कर्मचारियों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया और युवक वहां से चले गए।

आरोप है कि अभिषेक सिंह ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मारपीट का बदला लेने की योजना बनाई। इसके बाद वह सेल सिटी स्थित अपने किराये के घर से राइफल लेकर दोबारा बार पहुंचा और संदीप प्रमाणिक को गोली मार दी। गोली लगने से संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने बार और पार्किंग क्षेत्र में कई राउंड फायरिंग की और कार से फरार हो गया।

घटना के अगले दिन अहले सुबह रांची के एसएसपी और सिटी डीएसपी मौके पर पहुंचे और बार के कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें बार में हुआ विवाद और गोलीबारी की घटना कैद थी। फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *