लातेहार

नक्सलवाद के दौर में भी नहीं डिगा लातेहार के ‘ललगड़ी’ का हौसला, एकजुटता से खुद को रखा हिंसा से दूर

लातेहार, 12 नवंबर । झारखंड में एक दशक पूर्व जब नक्सलवाद चरम पर था, तब राज्य के अधिकांश गांवों में बंदूक और बारूद का खौफ आम जनजीवन पर हावी था। लेकिन इस खौफनाक दौर में भी लातेहार जिले के सदर प्रखंड का ललगड़ी गांव अपनी एक अलग और अनूठी मिसाल पेश कर रहा था। चारों ओर नक्सली दहशत का माहौल होने के बावजूद यहां के ग्रामीणों का हौसला कभी नहीं डगमगाया और उन्होंने नक्सलियों को अपने गांव में पांव नहीं जमाने दिए।

पूरी तरह आदिवासी बहुल इस गांव में लगभग 120 परिवार निवास करते हैं। सभी खरवार जनजाति के हैं। ग्रामीणों की एकजुटता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण नक्सली संगठन गांव के लोगों को अपने प्रभाव में लेने में सफल नहीं हो सके थे।

खौफ के साए में जीने को मजबूर थे लोग

वह दौर ऐसा था जब नक्सली गतिविधियां काफी अधिक थीं। शाम ढलते ही गांवों में सन्नाटा पसर जाता था। अनजान लोगों की आवाजाही से ग्रामीणों के मन में आशंका पैदा होती थी। रात के अंधेरे में किसी आहट पर भी लोग सतर्क हो जाते थे। नक्सली संगठनों की ओर से युवाओं को अपने साथ जोड़ने के प्रयास किए जाते थे। ग्रामीणों को अपने साथ जोड़ने के लिए नक्सलियों की ओर से हर प्रकार के हथकंडे अपनाये जाते थे। ऐसे माहौल में ग्रामीणों के सामने अपने परिवार और बच्चों को सुरक्षित रखने की बड़ी चुनौती थी।

लेकिन ललगड़ी गांव के लोगों ने मौजूदा परिस्थितियों के सामने घुटने टेकने के बदले आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए नक्सलियों को गांव में अपनी जड़ें मजबूत करने का अवसर नहीं दिया। ग्रामीणों ने अपने बच्चों और युवाओं को हिंसा और बंदूक की राह से दूर रखा। आज जब नक्सलवाद का लगभग खात्मा हो चुका है तो यह गांव समाज के लिए मिसाल बन गया है।

पंचायत भवन उड़ाया और स्कूल में लगाया काला झंडा

ललगड़ी गांव के ग्राम प्रधान और पूर्व मुखिया रामेश्वर सिंह बताते हैं कि नक्सलियों ने ग्रामीणों को डराने धमकाने का पूरा प्रयास किया था। पंचायत के पंचायत भवन को नक्सलियों ने बम विस्फोट कर उड़ा दिया था। गांव के स्कूल में काला झंडा फहरा देते थे।

इसके बावजूद यहां के ग्रामीण कभी आतंकियों के सामने नहीं झुके। नक्सलियों की ओर से लगाया गया काला झंडा ग्रामीण उखाड़ कर फेंक देते थे और वहां तिरंगा फहरा देते थे। उन्होंने बताया कि इस गांव के ग्रामीण यह अच्छी तरह जानते थे कि नक्सलवाद और हिंसा का रास्ता किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि इससे परिवारों और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रभावित होता है। इसीलिए नक्सलियों के लाख प्रयास और डराने धमकाने के बावजूद यहां का एक भी ग्रामीण नक्सलियों का सहयोगी नहीं बना और ललगड़ी गांव अपनी अलग पहचान बनाए रखने में सफल रहा।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ा गांव

इस गांव में नक्सलियों का प्रभाव नहीं रहने के कारण यह गांव अन्य गांव की अपेक्षा ज्यादा खुशहाल और विकसित भी हुआ। सरकार की कई विकास योजनाएं यहां धरातल पर उतरी, जिसका लाभ यहां के ग्रामीणों को भी मिला। समय के साथ जिले में नक्सली गतिविधियों का प्रभाव कम हुआ और जनजीवन सामान्य हो गया, लेकिन बुजुर्गों के जेहन में आज भी उस दौर की यादें ताजा हैं। यहां के ग्रामीणों को इस बात का आज भी गर्व है कि उन लोगों ने कभी गलत लोगों का साथ नहीं दिया।

ग्रामीणों की शांति और साहस की पुलिस अधिकारी भी करते हैं सराहना

ललगड़ी गांव के ग्रामीणों के साहस और शांति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुलिस अधिकारी भी सराहना करते हैं। लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि नक्सलवाद और हिंसा से किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। नक्सलवाद हमेशा विकास में बाधक रहा है। उन्होंने कहा कि ललगड़ी जैसे गांवों के ग्रामीणों से दूसरे गांवों के लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। समाज में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए कानून का सम्मान करना तथा लोकतांत्रिक रास्ते पर चलना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *