Home

EPIC विवाद: तेजस्वी यादव पर दो वोटर ID रखने का NDA ने लगाया आरोप, FIR की मांग


पटना, 3 अगस्त। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं होने के दावे पर NDA ने पलटवार करते हुए तेजस्वी पर दो EPIC नंबर रखने का गंभीर आरोप लगाया है।

रविवार को पटना में NDA के घटक दलों—भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम पार्टी और आरएलएम—ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तेजस्वी पर मतदाता पहचान पत्रों में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

“तेजस्वी के पास दो EPIC नंबर” – भाजपा प्रवक्ता

भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा, “तेजस्वी यादव ने यह दिखाने की कोशिश की कि उनका नाम वोटर लिस्ट से गायब है, जबकि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि उनका नाम मतदान केंद्र संख्या 204, क्रमांक 416 पर मौजूद है। तेजस्वी ने दो अलग-अलग EPIC नंबर (RAB0456228 और RAB2916120) का उपयोग किया है, जो कानूनन अपराध है। हम मांग करते हैं कि तेजस्वी के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।”

“पहचान बदलने वाला जनादेश नहीं संभाल सकता” – जदयू

जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए कहा, “तेजस्वी के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं, जो अलग-अलग पते पर हैं। 2015 और 2020 में उन्होंने एक EPIC नंबर का इस्तेमाल किया, अब नया नंबर कहां से आया?” उन्होंने इस प्रकरण को ‘इपिक घोटाला’ बताया और कहा कि तेजस्वी पहले से ही 12 मामलों में आरोपी हैं।

“लोकतांत्रिक व्यवस्था को ठेस पहुंचाई” – अन्य दलों की प्रतिक्रिया

लोजपा (रामविलास) के प्रवक्ता राजेश भट्ट ने कहा कि तेजस्वी ने मतदाता प्रणाली की निष्पक्षता को ठेस पहुंचाई है। हम पार्टी के श्याम सुंदर ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की, जबकि आरएलएम के नितिन भारती ने इसे “लोकतंत्र के मूल्यों की हत्या” बताया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *