Home

कोडरमा के सतगावां में हाथियों का आतंक, एक व्यक्ति घायल

कोडरमा

Koderma : झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड के कटैया पंचायत अंतर्गत भाखरा गांव में शुक्रवार की रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक हुए इस हमले से पूरा इलाका तबाह में आ गया। मिली जानकारी के अनुसार, भाखरा निवासी 47 वर्षीय पृथ्वी सिंह शुक्रवार रात बासोडीह बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव की सड़क पर अंधेरे में खड़े एक जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसी तरह जान बचाकर वे पास के एक घर की ओर भागे और शोर मचाया।

ग्रामीणों ने बचाई जान, अस्पताल में कराया भर्ती

आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल पृथ्वी सिंह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है।

घर और स्कूल को भी पहुंचाया नुकसान

हाथियों के झुंड ने केवल व्यक्ति पर ही हमला नहीं किया, बल्कि गांव में कई जगह भारी नुकसान भी पहुंचाया। स्कूल के कार्यालय में रखी अलमारी (गोदरेज) और अन्य सामान को तोड़ दिया गया। इसके अलावा 80 वर्षीय राजा सिंह के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा गेहूं खा लिया और उसे बर्बाद कर दिया। वहीं 55 वर्षीय बाले राम के घर की दीवार को भी हाथियों ने तोड़कर नुकसान पहुंचाया।

ग्रामीणों में गुस्सा, प्रशासन पर सवाल

लगातार हो रहे हाथी हमलों से कटैया पंचायत के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लंबे समय से जारी है, लेकिन वन विभाग और प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी इसी इलाके में हाथियों के हमले में एक युवक की जान जा चुकी है। इसके विरोध में दो बार सड़क जाम भी किया गया था, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम आज तक नहीं हो पाए। घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। लोग लगातार हाथियों के हमलों से परेशान हैं और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *