झारखंड में उत्साह और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा

रांची: झारखंड के विभिन्न जिलों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने नए वस्त्र पहनकर नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन, शांति एवं खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा विभिन्न इलाकों में लगातार गश्त की जा रही थी। बाजारों में भी सुबह से रौनक बनी रही और लोगों ने खरीदारी का आनंद लिया। पूरे राज्य में सौहार्द और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।
सरायकेला-खरसावां में ईदगाहों में उमड़ी भीड़
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में ईद-उल-अजहा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। खरसावां के बेहरासाही स्थित मदिना मस्जिद एवं गोंदपुर स्थित मस्जिद निजामुद्दीन में सुबह नमाज अदा की गई। कदमडीहा ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक नमाज अदा कर अमन-चैन की दुआ मांगी।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जिले के जामा मस्जिद, कमलपुर, मुड़िया, बालिगुमा, टेंटोपोसी और बालीपोशी सहित कई क्षेत्रों में भी नमाज अदा की गई।
धनबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पर्व
धनबाद के बलियापुर क्षेत्र में बकरीद का त्योहार उत्साहपूर्वक मनाया गया। लालाडीह ईदगाह मैदान में जामा मस्जिद बलियापुर के इमाम एवं मुफ्ती सलमान कासमी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा की और देश में अमन-चैन एवं तरक्की की दुआ मांगी।
सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो समेत कई जनप्रतिनिधियों ने लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। पुलिस प्रशासन पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा।
साहिबगंज और राजमहल में शांतिपूर्ण माहौल
साहिबगंज जिले में भी बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई। ईदगाह परिसर में पेश इमाम द्वारा तकरीर के बाद नमाज अदा की गई। प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
वहीं राजमहल में अकबरी मस्जिद ईदगाह में मो. ताजउद्दीन ने भी सामूहिक नमाज अदा की और लोगों को भाईचारे एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
पतरातू और गिरीडीह में दिखा सौहार्द
रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। घरों में विभिन्न पकवान बनाए गए और लोगों ने आपस में खुशियां साझा कीं।
वहीं गिरीडीह जिले के गांडेय प्रखंड के कई इलाकों में भी अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म निभाई गई तथा लोगों ने आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
