Home

शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम को गौरवांवित करने वाली शांभवी जायसवाल को शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित

जमशेदपुर, झारखंड: शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड को गौरवांवित करने वाली लोयोला स्कूल, जमशेदपुर की होनहार छात्रा शांभवी जायसवाल को शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने शुक्रवार को विशेष सम्मान प्रदान किया। शांभवी ने आईसीएसई-2025 की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में सभी विषयों में 100 में से 100 अंक हासिल कर न सिर्फ जिले और राज्य, बल्कि पूरे देश में टॉप किया है। उसकी इस असाधारण उपलब्धि के लिए उसे एक लाख रुपये की प्रतिभा प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि शांभवी की यह सफलता सिर्फ उसके परिवार और स्कूल की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड राज्य की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि शांभवी जैसी प्रतिभाएं राज्य की असली पूंजी होती हैं और सरकार का कर्तव्य है कि ऐसे होनहार विद्यार्थियों को हरसंभव प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाए। मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के शैक्षणिक और समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में और भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

शांभवी की सफलता को उसकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का परिणाम बताते हुए मंत्री ने कहा कि यह हर छात्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और अपने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करें।

सम्मान प्राप्त करने के बाद शांभवी ने भी बेहद भावुक और विनम्र तरीके से अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उसने बताया कि सफलता का राज है नियमित पढ़ाई, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण। शांभवी ने यह भी कहा कि वह भविष्य में भी मेहनत करते हुए अपने राज्य और देश का नाम रोशन करना चाहती है।

इस मौके पर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, झामुमो के वरिष्ठ नेता मोहन कार्माकर, शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, शांभवी के परिजन और लोयोला स्कूल के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। समारोह का माहौल उत्साह और गर्व से भरा हुआ था।

यह सम्मान समारोह एक बार फिर यह साबित करता है कि अगर छात्र मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें, तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। शांभवी की यह उपलब्धि झारखंड के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *