Home

झारखंड में अवैध कोयला खनन पर ईडी का बड़ा एक्शन, धनबाद में 25 ठिकानों पर छापेमारी

रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड में अवैध कोयला खनन के खिलाफ मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद जिले में 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कोयला माफिया एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों पर की जा रही है। ईडी की टीमें दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की तलाश में जुटी हैं।

चार ईसीआईआर दर्ज कर शुरू की गई जांच

ईडी ने इस मामले में चार अलग-अलग एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ECIR) दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच एजेंसी को सूचना मिली है कि एलबी सिंह और उनके सहयोगियों ने अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध संपत्ति अर्जित की है। इसी आधार पर मंगलवार को व्यापक छापेमारी की गई।

रंजीत सिंह के आवास पर भी पहुंची ईडी

सूत्रों के अनुसार, ईडी की एक टीम एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह के आवास पर भी पहुंची। बताया जा रहा है कि रंजीत सिंह ने घर को अंदर से बंद कर लिया, जिसके बाद ईडी की टीम घर के बाहर मौजूद रही और आगे की कार्रवाई में जुटी रही।

पहले भी मिल चुके हैं करोड़ों रुपये और अहम दस्तावेज

गौरतलब है कि इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने एलबी सिंह और उनके सहयोगियों के धनबाद व दुमका स्थित करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में एजेंसी को 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज और ₹2.20 करोड़ नकद बरामद हुए थे। जांच में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कई अहम साक्ष्य भी मिले थे।

फिलहाल ईडी की छापेमारी जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से बरामदगी और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *