दुमका

दुमका में कोल ब्लॉक सर्वे का विरोध हिंसक, ग्रामीणों के पथराव में 12 पुलिस जवान घायल

दो जवानों की हालत गंभीर, एक का पैर टूटा; देर रात अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा

दुमका। झारखंड के दुमका जिले में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर ग्रामीणों का विरोध सोमवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में ग्रामसभा के दौरान शुरू हुए विरोध के बाद पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, जिसमें 12 जवान घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक जवान का पैर टूट गया है, जबकि कुछ के सिर में चोट आई है।

घायल जवानों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन सदर अस्पताल पहुंचे तथा घायलों के इलाज की जानकारी ली।

ग्रामसभा में कंपनी अधिकारियों के पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध

पुलिस के अनुसार, बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर रविवार को ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इसमें कोल कंपनी के अधिकारी भी शामिल होने पहुंचे थे। ग्रामीणों ने प्रस्तावित कोल माइंस का विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद ग्रामसभा में हंगामा होने लगा। इसी बीच कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली।

सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने का निर्णय लिया गया।

रात 11 बजे पुलिस केंद्र से भेजे गए अतिरिक्त जवान

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रात करीब 11 बजे दुमका के विजयपुर स्थित पुलिस केंद्र से रैप के तीन दर्जन से अधिक महिला और पुरुष जवानों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। हालांकि, अतिरिक्त बल पहुंचने के बाद भी तनाव कम नहीं हुआ। रात के अंधेरे में पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए हमले में 12 जवान घायल हो गए।

घायलों में शिकारीपाड़ा थाना के एएसआई सोमाय किस्कू के अलावा फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, सनोज मरांडी, सुजीत सोरेन, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह, अल्बर्ट एक्का, दीप नारायण मंडल और सुनील हांसदा शामिल हैं।

घायलों का हाल जानने पहुंचे डीडीसी

घटना की जानकारी मिलने पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों के उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान ने बताया कि कोल माइंस के लिए आयोजित ग्रामसभा के दौरान हंगामा हुआ और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *