आवासीय विद्यालय में बच्चों से मारपीट का आरोप, नशे में नाइट गार्ड हिरासत में
पाकुड़। जिले के किताझोर मोहल्ला स्थित अनुसूचित जाति आवासीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के साथ मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, विद्यालय के नाइट गार्ड विनय मिश्रा शराब के नशे में स्कूल परिसर पहुंचा और बच्चों के साथ मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त (डीसी) मनीष कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन को मौके पर भेजा। जांच के दौरान डीएसपी ने नाइट गार्ड को नशे की हालत में पाया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बच्चों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें कीड़े लगे अनाज से तैयार भोजन दिया जाता है। इसके अलावा बच्चों से जबरन निजी कपड़े धुलवाने, किचन में काम कराने और अन्य घरेलू कार्य करवाने की भी शिकायत सामने आई है। बच्चों का कहना है कि ठंड के मौसम में भी उन्हें कंबल और स्वेटर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे उन्हें ठंड में रात गुजारनी पड़ती है।
घटना के विरोध में बच्चों ने स्कूल परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और नाइट गार्ड, वार्डन एवं प्रधानाध्यापक को पद से हटाने की मांग की। बच्चों का कहना है कि वे लंबे समय से उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब वे चुप नहीं रह सकते।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अंचल अधिकारी (सीओ) अरविंद बेड़िया ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जाएगी और उसी के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है। अभिभावकों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और सम्मान के साथ कोई समझौता न किया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले।
