रांची में ड्रग तस्करी का खुलासा: अरगोड़ा पुलिस ने दो तस्करों को 400 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ किया गिरफ्तार
रांची: राजधानी रांची की अरगोड़ा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम दिनेश कुमार राम (25 वर्ष) और शिवम कुमार (22 वर्ष) हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल 400 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले की जानकारी बुधवार को रांची के DIG सह SSP चंदन कुमार सिन्हा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
आरोपियों की पृष्ठभूमि:
दिनेश कुमार राम गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के खिजरसोता गांव का निवासी है, जबकि शिवम कुमार रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर करम चौक का रहने वाला है। वर्तमान में दोनों आरोपी अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक कुंज, कश्यप विहार में नवनीत कुमार विश्वास के मकान में किरायेदार के रूप में रह रहे थे।
कार्रवाई की पूरी योजना:
DIG चंदन सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक किराये के मकान में रहकर नशे का धंधा कर रहे हैं। इस सूचना पर सिटी एसपी अजीत कुमार के नेतृत्व और हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने बताये गये ठिकाने पर छापा मारा और दोनों तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दिनेश के पास से 220 पुड़िया, जबकि शिवम के पास से 180 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई।
ड्रग्स तस्करी की 5-लेयर प्रणाली का खुलासा:
पूछताछ के दौरान दोनों तस्करों ने पुलिस के समक्ष कबूल किया कि ब्राउन शुगर की तस्करी पांच स्तरों (लेयर्स) में होती है। ये दोनों तीसरे स्तर पर काम कर रहे थे। माल इन तक दूसरे स्तर के लोग पहुंचाते थे, और फिर यह आगे चौथे व पांचवे स्तर के पेडलरों तक जाता था, जो अंततः ग्राहकों को ब्राउन शुगर सप्लाई करते हैं।
दिनेश की आपबीती:
SSP सिन्हा के अनुसार, दिनेश पेशे से एक ड्राइवर है। एक चाय की दुकान पर उसकी मुलाकात एक ड्रग पेडलर से हुई, जिसने उसे इस अवैध धंधे में अधिक मुनाफे का लालच दिया। ड्राइविंग से संतुष्ट न होने के कारण दिनेश ने ज्यादा पैसा कमाने की चाह में इस काले कारोबार में कदम रख दिया।
फिलहाल पुलिस अन्य स्तरों के तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। SSP ने कहा कि शहर में नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
