समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बिरसा उच्च विद्यालय, कांके में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
स्कूली बच्चों को दिलाई नशा से दूर रहने की शपथ
कांके। झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर मंगलवार को समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कांके रोड स्थित बिरसा उच्च विद्यालय में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और झारखंड को नशामुक्त बनाने के लिए सामाजिक जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर आयोजित सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में रांची जिला कंसल्टेंट, तंबाकू नियंत्रण निकाय के सुशांत कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से नशे से दूर रहने और अपने आस-पास नशा बेचने वालों की सूचना देने की अपील की।
रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और समाजसेवी राजीव रंजन ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें कम उम्र से ही गलत संगतों और नशे जैसी लतों से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशे को एक ऐसी दलदल बताते हुए उन्होंने कहा कि समय रहते जागरूक नहीं हुए तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं, जिनकी कीमत कई परिवार पहले ही चुका चुके हैं।
सत्र के अंत में बच्चों को शपथ दिलाई गई कि वे अपने गांव, मोहल्ले और परिवार में नशा मुक्ति के संदेश का प्रसार करेंगे और स्वयं भी नशे से दूर रहेंगे, ताकि समाज को इस विनाशकारी प्रवृत्ति से बचाया जा सके।
कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्य सुषमा तिवारी, ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया, स्मिता केडिया, प्रियांशु रंजन श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इसकी जानकारी अमन ने दी।
