इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप में डॉन बॉस्को स्कूल गुमला का दबदबा, 157 अंक के साथ बना ओवरऑल विजेता
Khunti News: खूंटी में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप 2026 में डॉन बॉस्को स्कूल गुमला ने ओवरऑल खिताब अपने नाम किया। सेंट जेवियर्स स्कूल बुंडू 121 अंकों के साथ दूसरे और सेंट एंथोनी स्कूल बिचना 92 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
खूंटी: खूंटी जिला स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन के तत्वावधान में टाउन हॉल में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप 2026 का शनिवार को सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 157 अंक हासिल कर डॉन बॉस्को स्कूल, गुमला ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीत लिया।
वहीं, 121 अंकों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल, बुंडू की टीम उपविजेता रही, जबकि 92 अंक हासिल कर सेंट एंथोनी स्कूल, बिचना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन के साथ अनुशासन और खेल भावना का भी परिचय दिया।
डॉन बॉस्को स्कूल गुमला ने 157 अंकों के साथ मारी बाजी
इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप में डॉन बॉस्को स्कूल, गुमला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अन्य विद्यालयों को पीछे छोड़ दिया। टीम ने कुल 157 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
विद्यालयवार अंक तालिका में सेंट जेवियर्स स्कूल, बुंडू 121 अंकों के साथ दूसरे और सेंट एंथोनी स्कूल, बिचना 92 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
समापन समारोह में खूंटी जिला स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष हेजाज असदक, महासचिव हरीश कुमार, उपाध्यक्ष शादाब खान और सचिन कुमार उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
निर्णायकों और आयोजन सहयोगियों की रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता के सफल और निष्पक्ष संचालन में नेशनल रेफरी शीतल टोपनो, अमृत मुंडा, रवि सिंह और अमर उरांव सहित अन्य निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, आयोजन को सफल बनाने में अभिषेक टूटी, सल्मन भेंगरा, रेशमा धान सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा। खूंटी जिला स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
