रांची

डॉ. सैमुअल हैनिमैन की पुण्यतिथि पर चिकित्सकों ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन की श्रद्धांजलि सभा में होम्योपैथी के प्रचार-प्रसार और आयुष चिकित्सा को मजबूत बनाने पर जोर

रांची, 2 जुलाई। झारखंड होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन, रांची इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनिमैन की पुण्यतिथि पर मारवाड़ी ब्राह्मण धर्मशाला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने डॉ. हैनिमैन के चिकित्सा क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा में बताया गया कि 2 जुलाई 1843 को फ्रांस की राजधानी पेरिस में 88 वर्ष की आयु में डॉ. हैनिमैन का निधन हुआ था। एसोसिएशन के केंद्रीय संयोजक डॉ. अरविंद ने उनके जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति मानवता के लिए एक अमूल्य उपहार है। उन्होंने कहा कि आज देश-दुनिया में होम्योपैथी की बढ़ती लोकप्रियता इसकी प्रभावशीलता और उपयोगिता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

आयुष चिकित्सा को मजबूत करने का किया आह्वान

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कांके के पूर्व विधायक डॉ. जीतू चरण राम ने डॉ. हैनिमैन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए चिकित्सकों से उनके बताए सिद्धांतों और चिकित्सा पद्धति को पूरी निष्ठा से अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी की श्रेष्ठ सेवाएं आम जनता तक पहुंचनी चाहिए। साथ ही झारखंड में होम्योपैथी एवं आयुष चिकित्सा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए झारखंड होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कई चिकित्सक रहे उपस्थित

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एस.के. मिश्रा ने की, जबकि डॉ. सीताराम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। श्रद्धांजलि सभा में डॉ. सुबोध, डॉ. सुहैल, डॉ. एन. मोहन, डॉ. आर.एन. प्रसाद, डॉ. अमरनाथ, डॉ. ज्ञानेंद्र, डॉ. रवींद्र, डॉ. मंजू उरांव, वी.एल. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *