खूंटी

किसी भी हाल में जमीन नहीं बेचें, अन्यथा अस्तित्व हाे जाएगा खत्‍म : विधायक

खूंटी, 27 जनवरी । तोरपा प्रखंड के रोड़ो बगीचा गांव में सिंचाई सुविधा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंगलवार को चेक डैम निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक सुदीप गुड़िया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की एकजुटता और सक्रिय ग्रामसभा की सराहना करते हुए कहा कि यहां जात-पात का भेदभाव नहीं है और ग्रामसभा मजबूत भूमिका निभा रही है।

विधायक ने कहा कि चेक डैम बनने से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया कि वे अपनी जमीन न बेचें और दलालों से सावधान रहें। जमीन नहीं रहेगी तो आदिवासी-मूलवासी का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव की सड़क का निर्माण कराया जाएगा और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस और शव वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी भी परिस्थिति में लोगों को परेशानी न हो।

कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने भी ग्रामसभा की सक्रियता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गांव के लोग आपसी सहमति से अपने मामलों का समाधान करते हैं, जो सशक्त ग्राम शासन का उदाहरण है।

कार्यक्रम को तेजू सिंह, रेवती देवी और रमुखिया बुधराम कंडुलनाने भी संबोधित किया।

मौके पर झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष रूबेन टोपनो, मोजीर अंसारी, सुशांति कोनगाड़ी, शिशिर टोपनो, बीरेंद्र सिंह, सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *