रांची

दिव्यानी लिंडा को माँ वैष्णवी चैरिटेबल ट्रस्ट ने दी आर्थिक मदद

रांची, 02 दिसंबर 2025 (मंगलवार): अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड और देश का नाम रोशन करने वाली फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा को मां वैष्णवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को 5100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष ए. के. तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और जितेंद्र कुमार अंबष्ट दिव्यानी के आवास पहुंचे और उन्हें यह सहयोग राशि सौंपी।

ज्ञात हो कि स्वर्ण पदक विजेता दिव्यानी लिंडा का परिवार लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। पिता के देहांत के बाद उनकी मां प्रतिमा देवी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। वहीं दिव्यानी का एक भाई बीमारी से जूझ रहा है। परिवार एक जर्जर घर में रह रहा है, जो चिंता का विषय बना हुआ है। इसके बावजूद दिव्यानी ने कठिन परिस्थितियों को मात देते हुए फुटबॉल में अपनी अलग पहचान बनाई है।

ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि दिव्यानी जैसी प्रतिभाओं को सरकारी स्तर पर भी प्रोत्साहन और सहायता की आवश्यकता है। मां वैष्णवी चैरिटेबल ट्रस्ट ने आश्वासन दिया कि आगे भी दिव्यानी और उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इस मौके पर कोच अनवरूल हक, दिव्यानी की मां प्रतिमा देवी, रेशमी कुमारी, पंचायत समिति सदस्य चंद्रा सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *