मुहर्रम को लेकर पाकुड़ में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, ड्रोन से होगी निगरानी
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने पर जोर

पाकुड़। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की। इसमें मुहर्रम कमेटियों, अखाड़ा समितियों, शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, एंबुलेंस सुविधा, यातायात प्रबंधन तथा जुलूस के निर्धारित मार्ग एवं समय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे और आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सुझावों पर गंभीरता से होगा अमल
उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम कमेटियों एवं अखाड़ा समितियों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी मुहर्रम एवं अखाड़ा समितियों से निर्धारित समय पर जुलूस प्रारंभ करने और समय पर समाप्त करने का अनुरोध किया।
ड्रोन कैमरों से रखी जाएगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों एवं जुलूस मार्गों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
बैठक के अंत में प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे, सहयोग और सौहार्द के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि जिले में शांति एवं सद्भाव बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
