पश्चिमी सिंहभूमि

जिला बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं के लिए खोले राहत के द्वार, मृत्यु सहायता राशि बढ़कर हुई 2.51 लाख, गंभीर बीमारियों के लिए मिलेंगे 2 लाख

पूर्वी सिंहभूम (झारखंड)। जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन ने अपने नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। एसोसिएशन की कमेटी बैठक में लिए गए इन जनकल्याणकारी निर्णयों की घोषणा के बाद अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पुराना कोर्ट परिसर में वकीलों ने ढोल-नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी कर बार पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया व आभार जताया।

1 सितंबर 2026 से लागू होंगी नई व्यवस्थाएं

बार एसोसिएशन द्वारा लिए गए प्रमुख कल्याणकारी फैसले निम्नलिखित हैं:

  1. मृत्यु सहायता राशि में ढाई गुना बढ़ोतरी: नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ता के निधन पर उनके परिवार को मिलने वाली सहायता राशि को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 2,51,000 रुपये कर दिया गया है।
  2. गंभीर बीमारियों के लिए 2 लाख तक का मेडिकल क्लेम: कैंसर, गंभीर लीवर/हृदय रोग, किडनी ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों के ऑपरेशन और इलाज के लिए दी जाने वाली सहायता राशि 50 हजार से बढ़ाकर अधिकतम 2 लाख रुपये कर दी गई है। सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए पूर्ववत 50 हजार रुपये की सहायता मिलती रहेगी।
  3. बेटी के विवाह पर 51 हजार की मदद: अधिवक्ता की बेटी की शादी के अवसर पर बार एसोसिएशन की ओर से 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
  4. अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 20 हजार: सदस्य अधिवक्ता के निधन पर परिवार को दाह-संस्कार के लिए 20,000 रुपये की तत्काल नकद सहायता प्रदान की जाएगी।
  5. पति/पत्नी के इलाज के लिए सहायता: अधिवक्ता के पति या पत्नी के गंभीर बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने पर परिस्थिति अनुसार 25,000 रुपये तक की मेडिकल मदद दी जाएगी।

अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाई खुशी

गुरुवार को पुराना कोर्ट परिसर में अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में लगभग दो सौ अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ बार के पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया।

अधिवक्ताओं ने जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोटिन दास और महासचिव कुमार राजेश रंजन सहित पूरी कमेटी के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिवक्ताओं का कहना था कि यह निर्णय लंबे समय से अपेक्षित था और इससे वकीलों व उनके परिवारों को बड़ा सामाजिक व आर्थिक संबल मिलेगा।

स्वागत कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित अधिवक्ता: विनोद कुमार मिश्रा, परमजीत श्रीवास्तव, अक्षय झा, नवीन प्रकाश, संजीव झा, केशव सिंह, रविंद्र ठाकुर सहित करीब 200 से अधिक अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *