20 हजार रुपये रिश्वत लेते जिला आयुष पदाधिकारी गिरफ्तार

एसीबी की कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
चतरा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने चतरा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला आयुष पदाधिकारी राम प्रकाश वर्मा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई, जिससे जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार राम प्रकाश वर्मा पर टंडवा में पदस्थ आयुष चिकित्सक डॉ. प्रिया कुमारी से रिश्वत मांगने का आरोप था। बताया गया कि विभागीय कार्य से जुड़े एक मामले के निपटारे के एवज में उन्होंने 20 हजार रुपये की मांग की थी। इस संबंध में डॉ. प्रिया कुमारी ने एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। पूर्व नियोजित योजना के तहत जैसे ही जिला आयुष पदाधिकारी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह कार्रवाई एसपी आरिफ एकराम के नेतृत्व में गठित एसीबी की विशेष टीम द्वारा की गई। गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को एसीबी कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। एसीबी सूत्रों के अनुसार मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस तरह की मांग पहले भी तो नहीं की गई थी।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में चर्चा का विषय बना हुआ है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
