उपचुनाव को लेकर डीआईजी ने दिया सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ाने का निर्देश
पूर्वी सिंहभूम, 8 अक्टूबर । जिला स्थित घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चुनाव प्रक्रिया को स्वच्छ, पारदर्शी और स्वतंत्र तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय अंतर्राज्यीय और अंतरजिला बैठक यूसीआईएल भवन, जादूगोड़ा में आयोजित हुई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी और उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नीतीश कुमार सिंह, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, एसपी सरायकेला-खरसावां मुकेश लुणायत, रूरल एसपी पूर्वी सिंहभूम ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक रेल टाटानगर सहित पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया और ओडिशा के मयूरभंज जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में विधानसभा उपचुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंतर्राज्यीय और अंतरजिला स्तर पर समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ाने, वाहनों की सघन जांच करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, संयुक्त पेट्रोलिंग करने और सीमा चौकियों पर चौबीस घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आचार संहिता के उल्लंघन या अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष और वरीय पदाधिकारियों को देने को कहा गया, ताकि प्रभावी और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
