दुर्गापूजा से पहले धनबाद की 3.46 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे ₹86.59 करोड़, हर लाभुक को मिले ₹2,500
धनबाद: दुर्गापूजा से पहले धनबाद जिले की लाखों महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत आर्थिक सहायता मिली है। सितंबर महीने की सम्मान राशि के रूप में जिले की 3,46,365 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में कुल 86 करोड़ 59 लाख 12 हजार 500 रुपये अंतरित किए गए हैं। प्रत्येक लाभुक के खाते में 2,500 रुपये भेजे गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, त्योहार के समय महिलाओं को घरेलू जरूरतों, बच्चों के कपड़ों और खरीदारी के लिए इस राशि से मदद मिल सकती है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सितंबर महीने की राशि सभी 3,46,365 लाभुक महिलाओं के खातों में भेज दी गई है।
गोविंदपुर में सबसे अधिक महिलाओं को मिला लाभ
प्रखंड और अंचलवार उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, गोविंदपुर प्रखंड कार्यालय क्षेत्र में सबसे अधिक 50,413 महिलाओं को योजना का लाभ मिला। इसके बाद झरिया में 44,279 और बाघमारा प्रखंड में 44,136 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई।
अन्य क्षेत्रों में धनबाद अंचल की 32,424, तोपचांची की 27,020 और निरसा की 23,703 महिलाओं को भुगतान किया गया।
इन क्षेत्रों में भी भेजी गई राशि
जिले के बलियापुर प्रखंड में 21,345, कलियासोल में 19,869, पुटकी अंचल में 18,165, एग्यारकुंड प्रखंड में 16,877 और टुंडी में 16,671 महिलाओं को राशि मिली।
इसके अलावा पूर्वी टुंडी में 9,804 और धनबाद प्रखंड में 7,022 महिलाओं के खातों में भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई है। बाघमारा अंचल में 7,357, एग्यारकुंड अंचल में 5,292, बलियापुर अंचल में 1,135 और गोविंदपुर अंचल में 853 महिलाओं को भी भुगतान की जानकारी दी गई है।
दुर्गापूजा से पहले राशि मिलने से लाभुक महिलाओं को त्योहार की तैयारियों और घरेलू खर्चों में आर्थिक सहायता मिल सकती है।
