Home

धनबाद में गर्मी से राहत की पहल, ट्रैफिक सिग्नलों और व्यस्त सड़कों पर लगाए गए छायादार शेड

Dhanbad : धनबाद में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए खास पहल शुरू की है। शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों और व्यस्त सड़कों पर अस्थायी छायादार शेड लगाए गए हैं, ताकि धूप में खड़े लोगों को कुछ राहत मिल सके। खासकर दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है, क्योंकि तेज धूप में ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा था।

प्रशासन की ओर से इन शेड्स को उन जगहों पर लगाया गया है जहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है और लोगों को सिग्नल पर ज्यादा देर तक रुकना पड़ता है। ध्यान रखा गया है कि शेड लगाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी रहे। इसके लिए जगहों का चयन ट्रैफिक होल्डिंग टाइम को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

बाइक चालकों और राहगीरों को मिलेगी राहत

गर्मी के इस मौसम में सबसे ज्यादा परेशानी बाइक सवारों और पैदल चलने वाले लोगों को होती है। दोपहर के समय सड़कों पर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा देती हैं। ऐसे में ट्रैफिक सिग्नलों पर लगाए गए ये शेड कुछ देर के लिए ही सही, लेकिन लोगों को धूप से राहत देंगे।

प्रशासन की अपील- जरूरी हो तभी दोपहर में निकलें

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह भी दी गई है। लोगों से हल्के कपड़े पहनने, धूप में ज्यादा देर तक नहीं रहने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की अपील की गई है। धनबाद में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। गर्मी से लोगों को राहत देने के लिए आगे भी जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त इंतजाम किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *